अमरोहा। जनपद वासियों के लिए खुशखबरी है। जल्द ही जोया सीएचसी को ट्राॅमा सेंटर बनाया जाएगा। इस संबंध में शासन से दिशा निर्देश मिल गए हैं। सीएमओ ने शासन को सीएचसी में तैनात डॉक्टरों और स्टॉफ की सूची उपलब्ध करा दी है। जोया सीएचसी ट्रॉमा सेंटर बनी तो जिले के लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। सड़क हादसे में घायल गंभीर मरीज व अन्य बीमारी से ग्रस्त पीड़ितों को रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें ट्रामा सेंटर में ही बेहतर इलाज मिल सकेगा। शासन से ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी। करीब एक साल पहले भेजे गए दिल्ली हाईवे स्थित जमीन पर ट्राॅमा सेंटर बनाने के प्रस्ताव को फिलहाल शासन ने रोक दिया है। आने वाले दिनों में जिले में बनने वाले मेडिकल कॉलेज में ही ट्रामा सेंटर की सुविधा दी जाएगी। जनपद में मेडिकल कॉलेज खोलने की कवायद जल्द शुरू हो सकती है।
अमरोहा जिले में एक जिला अस्पताल और छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। हालांकि, सभी सरकारी अस्पताल रेफर सेंटर बने हुए हैं। जिले को एक ट्राॅमा सेंटर की जरूरत है। इसके लिए लंबे समय से मांग की जा रही है। हाईवे और उसके आसपास अन्य मार्गों पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसी तरह कई बार आग में झुलसने के मामले भी सामने आते थे।
हादसों में घायलों और आग में झुलसे लोगों को नगर स्थित सीएचसी में भर्ती कराया जाता है, लेकिन घायलों और झुलसे लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं नहीं होने के कारण उनको जिला अस्पताल या हायर सेंटर रेफर कर दिया जाता है। समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण कई बार लोगों की जान भी चली जाती है। ट्राॅमा सेंटर बनने से हादसे में घायल लोगों की जान बचाई जा सकती थी। 18 सितंबर 2024 को धनौरा विधायक राजीव तरारा ने विधानसभा में ट्रामा सेंटर के निर्माण की मांग उठाई थी। विधायक की मांग को प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया था। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने सीएमओ को हाईवे पर ट्रामा सेंटर की स्थापना के निर्देश दिए थे।
गजरौला क्षेत्र में हाईवे स्थित जमीन चिह्नित करके शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि अब कहीं और नहीं बल्कि जोया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को ही ट्राॅमा सेंटर बनाए जाने की तैयारी है। इस संबंध में शासन से दिशा निर्देश मिले हैं। वहां से डॉक्टर और स्टाफ की सूची मांगी गई थी, जिसे भेज करा दिया गया है। इसके अलावा सरकार प्रदेश की सभी जिलों में एक मेडिकल कॉलेज खोलने की तैयारी कर रही है। आने वाले दिनों में अमरोहा जिले में भी मेडिकल कॉलेज खुलेगा। उसमें ही ट्रॉमा सेंटर बनाया जाएगा। संवाद