जोया के तुर्की इंटर कालेज पलौला में आयोजित तुर्क समाज के युवाओं की बैठक में मौजूद युवा।
- फोटो : amar ujala
प्रशासन के दबाव और बिरादरी के वरिष्ठ नेताओं की सलाह पर फतेहपुरमाफी में आयोजित तुर्क युवा महासम्मेलन को स्थगित करने के बाद शनिवार को आगे की रणनीति बनाने के लिए युवाओं की एक बैठक तुर्की इंटर कालेज पलौला में हुई। इस दौरान युवा तुर्क इत्तेहाद समिति गठित करने का फैसला लिया गया। समिति भ्रष्ट नेताओं के सुबूत जमाकर उनकी पोल खोलेगी। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन से अनुमति लेने के बाद जल्द ही क्षेत्र में तुर्क युवा महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समिति में तुर्क बहुल गांवों के युवाओं को शामिल किया जाएगा। इसे लीगल, सोशल मीडिया और जनसंपर्क सेल में विभाजित किया जाएगा। समिति शौकत पाशा हत्याकांड के आरोपियों को गिरफ़्तार कराने के लिए संघर्ष करेगी। समिति जिले में भ्रष्टाचार बढ़ाने वाले नेताओं की अवैध संपत्तियों, घोटालों और प्रशासनिक दख़ल के सबूत इकट्ठा करके सीबीआई, आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय, सीबीडीटी आदि एजेंसियों को मुहैया कराएगी।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार से आए पैसे का इस्तेमाल तुर्क समुदाय को दबाने के लिए किया जा रहा है। समिति जांच एजेंसियों का सहयोग कर भ्रष्टाचार में लिप्त जनप्रतिनिधियों को रोकने का काम करेगी। युवाओं में क़ौमी इत्तेहाद पैदा करने, शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और रोजगार के अवसर मुहैया कराने के प्रयास किए जाएंगे।
तुर्क समुदाय को एक प्लेटफार्म पर लाकर दहेज प्रथा जैसी गंभीर समस्याओं को ख़त्म करने की दिशा में काम करेगी। तुर्कों का सम्मान करने के लिए युवा तुर्क अवार्ड भी शुरू किया जाएगा। बैठक में मौलाना तैय्यब अली, जीशान पाशा, तारिक अनवर, अकरम पाशा, अब्दुल कादिर, फ़हद तुर्क, जाकिर पाशा, तौसीफ़ पाशा, शोएब पाशा आदि मौजूद रहे।