अमरोहा। अमरोहा-जोया ओवरब्रिज के नीचे बृहस्पतिवार को रेल हादसे में करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शव के अंग करीब आधा किलोमीटर तक रेलवे ट्रैक पर बिखर गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव के अंगों को एकत्र कर मोर्चरी में रखवा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शव कई हिस्सों में बंट गया। कहीं हाथ पड़ा मिला तो कहीं पैर, जबकि सिर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रैक के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने घटनास्थल पर घंटों तक सर्च अभियान चलाकर शव के सभी अंगों को एकत्र किया। मौके पर मौजूद कुछ लोग आत्महत्या की बात कह रहे थे जबकि कुछ चपेट में आने का दावा कर रहे थे।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।