उझारी (अमरोहा)। सैदनगली थानाक्षेत्र के कस्बा उझारी में ढबारसी रोड स्थित आम के बाग में बुधवार को मोबिन (26) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी होते ही कस्बे में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पहचान मोहल्ला मंसूरपुर निवासी अब्दुल रशीद उर्फ घसीटा के बेटे मोबिन के रूप में हुई है। वह पेशे से चालक था। मृतक के भाई शौकीन ने बताया कि मोबिन तीन दिन पहले ट्रक पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। बुधवार को ढबारसी रोड स्थित आम के बाग में उसका गला रेता शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान की।
मोबिन की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे पत्नी महताब और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर सैदनगली थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि हत्या के मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।