धनारी। क्षेत्र के आगरा- मुरादाबाद हाईवे पर गांव उधरनपुर के पास रविवार सुबह कार और बाइक की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार ढल्लन और उसका साथी पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में पुष्पेंद्र (24) की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। साथ ही, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जिला अलीगढ़ के फिरदौस नगर थाना सिविल लाइन निवासी शारिक हुसैन रविवार सुबह करीब सवा छह बजे अपनी कार से संभल जा रहे थे। रास्ते में धनारी के आगरा - मुरादाबाद हाईवे पर गांव उधरनपुर के पास उनकी कार की सामने से एक बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तीव्र थी कि कार और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार ढल्लन निवासी नगला चुतर्भानपुर थाना धनारी और पुष्पेंद्र निवासी नूरपुर थाना कैला देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए गुन्नौर सीएचसी पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान पुष्पेंद्र की मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल का उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। दूसरे का उपचार चल रहा है। साथ ही, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।