सैदनगली(अमरोहा)। सोमवार शाम दिल्ली मंडी खीरे बेचने जा रहे सैदनगली के एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गाड़ी का अगला टायर फटने के कारण हुआ।
बताते हैं कि सैदनगली के मथना रोड निवासी रूप किशोर का बेटा गौरव कुमार (18) सोमवार शाम अपने साथियों के साथ पिकअप में खीरे लादकर दिल्ली की मंडी जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी हाईवे पर सिंभावली के पास पहुंची, अचानक पिकअप का अगला टायर फट गया। टायर फटने से तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके तीन साथी पप्पू, हरि किशोर और योगेश बुरी तरह घायल हो गए। तीनों घायलों को सिंभावली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरव तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
मौत की खबर घर पहुंचते ही गौरव के परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लाया जाएगा। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि ये हादसा सिंभावली के पास हुआ है, इसलिए कार्रवाई भी वहीं की पुलिस करेगी।