गजरौला। खेत से लोबिया की फली तोड़कर लौट रही कांकाठेर निवासी पूनम (19) की गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन करीब 45 मिनट तक खड़ी रही। पुलिस और आरपीएफ ने करीब 4:30 बजे शव को रेलवे लाइन से हटवाया।
विज्ञापन
कांकाठेर निवासी कलुवा खड़गवंशी किसान हैं। उनके खेत रेलवे लाइन के पार हैं, जहां लोबिया की फसल लगी है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को पूनम फली तोड़कर बाजार में बेचने के लिए घर लौट रही थी। रेलवे लाइन पार करते समय दिल्ली की ओर जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। चालक ने करीब पौने चार बजे ट्रेन रोककर स्टेशन मास्टर को सूचना दी।
ब्रजघाट चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार पुलिस और आरपीएफ के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना पर परिजन भी रोते-बिलखते पहुंच गए। आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आकर युवती की मौत हुई है। परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया।