मंडी धनौरा(अमरोहा)। खादर क्षेत्र में वन विभाग की खाली पड़ी हजारों बीघा भूमि पर कब्जे की कोशिशें जारी हैं। तीन दिन पहले मीरापुर वन ब्लॉक में कब्जे के प्रयास में 15 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। अब गांव मुकारमपुर में वन भूमि की जुताई कर गेहूं बोने की कोशिश का मामला सामने आया है। वन रक्षक ने मेरठ के परीक्षितगढ़ निवासी सात ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खादर क्षेत्र में खाली पड़ी वन विभाग की हजारों बीघा भूमि पर लोगों की नजर गड़ी हुई है। गंगा नदी का पानी उतरने के बाद वन विभाग की भूमि पर कब्जा करने की लगातार कोशिश की जा रही है। तीन दिन पहले मीरापुर वन ब्लॉक में स्थित करीब 100 बीघा भूमि की जुताई कर वहां गेहूं की फसल की बुवाई की तैयारी की जा रही थी।
सूचना मिलने पर रेंजर अवनीश कुमार ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। रेंजर की तहरीर पर थाना बछरायूं में 15 ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सोमवार को ग्राम मुकारमपुर में स्थित वन विभाग की भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की गई।
वन रक्षक लोकेंद्र सिंह द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक जनपद मेरठ के परीक्षितगढ़ निवासी वीरू सिंह, सूरत सिंह, लाखू सिंह, मलकीत सिंह, कपिल, विनोद कुमार व लब्बू ने वन विभाग की भूमि की जुताई कर गेहूं की फसल बोने की तैयारी कर ली थी। वनकर्मियों को देखकर आरोपी अपने ट्रैक्टर व हैरो लेकर भाग गए। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि सातों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।