हसनपुर(अमरोहा)। नगर में अतरासी चौराहे पर तेज रफ्तार मारुति वैन ने बाइक सवार संभल निवासी युवक को टक्कर मार दी। मौके पर चालक वैन छोड़कर फरार हो गया। हादसे में घायल बाइक सवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने वैन को कब्जे में ले लिया।
जनपद संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव भीकमपुर जैनी निवासी ऋषिपाल (25) पुत्र रोहतास प्रजापति शनिवार सुबह करीब 10 बजे बाइक पर सवार होकर हसनपुर होते हुए अतरासी की दिशा में जा रहा था। अतरासी चौराहे पर तेज रफ्तार मारुति वैन ने टक्कर मार दी। हादसे में ऋषिपाल घायल हो गया। वहीं चालक मौके पर वैन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैन को कब्जे में लेकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
ऋषिपाल हसनपुर क्षेत्र में अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह अभी अविवाहित था। कोतवाल संजय तोमर का कहना है कि हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। वैन को कब्जे में ले लिया है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।