वेलेंटाइन वीक में जहां युवक-युवतियां अपने प्यार को अंजाम तक पहुंचाने के सपने देख रहे हैं, वहीं हसनपुर में ‘वो’ के फेर में एक प्रेमी थाने तक पहुंच गया। शहर के एक मोहल्ले की लड़की का वहीं के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच दूसरे युवक से लड़की की नजदीकी बढ़ गई, जो पहले प्रेमी को रास न आई।
बुधवार को पहले युवक ने प्रेमिका को रोकने की कोशिश की, मगर उसने नजरंदाज कर दिया। यह बात युवक को इतनी नागवार गुजरी की लड़की को धक्का दे दिया। इससे वह नाले में गिर गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी को दबोच लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
शहर के एक मोहल्ले की लड़की शहर के ही एक इंटर कालेज में कक्षा ग्यारह में पढ़ती है। बताया जाता है कि छात्रा का कई माह से मोहल्ले के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इधर, छात्रा कुछ दिनों से दूसरे युवक के साथ देखी जाने लगी। यह बात युवक बर्दाश्त नहीं कर पाया। बताया जा रहा है कि, नाराज युवक ने उससे कई बार मिलने की कोशिश की, लेकिन मिल नहीं सका। फोन पर भी बात करने की कोशिश, लेकिन छात्रा ने बात नहीं की। बुधवार देर शाम को छात्रा अपने मोहल्ले में रास्ते पर पैदल जा रही थी।
इस दौरान युवक ने उसे रोककर बात करने की कोशिश की, लेकिन छात्रा ने उसे नजर अंदाज कर दिया। इससे खफा युवक छात्रा को धक्का देकर भाग गया। पास में नाला होने की वजह से छात्रा नाले में गिर गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। छात्रा को नाले से बाहर निकाला गया। मामला पुलिस तक पहुंच गया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और कोतवाली ले आई।
कोतवाली निरीक्षक अनिल समानिया ने बताया कि लड़की का पहले उससे चक्कर था, अब लड़की ने किसी दूसरे से दोस्ती कर ली। पहले वाले युवक ने उसे रास्ते में धक्का दे दिया। जिससे वह नाले में गिर गई। आरोपी को पकड़ लिया गया है। कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।