नौगांवा सादात (अमरोहा)। विधानसभा उपचुनाव में नौगावां सादात सीट पर भाजपा प्रत्याशी संगीता चौहान के समर्थन में 22 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभा के लिए सांगठनिक स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि अभी सीएम का अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश चौधरी ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ का 22 अक्तूबर को नौगावां क्षेत्र में कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की चुनावी सभा कहां कराई जाएगी, इस पर निर्णय होना बाकी है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को सांगठनिक स्तर की तैयारियों के लिए निर्देश दे दिए हैं।
एडीएम विनय कुमार का कहना है कि अभी तक सीएम अथवा किसी भी राजनीतिक दल के बड़े नेता का कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।
कांग्रेस ने मांगे दिग्गजों के कार्यक्रम
अमरोहा। नौगावां सादात विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से आने वाले दिनों में राजस्थान के सीएम अशोक गहलौत की सभा कराने की तैयारी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार कटारिया ने बताया कि कांग्रेस की प्रत्याशी डॉ. कमलेश सिंह के समर्थन में राजस्थान के सीएम अशोक गहलौत, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और हरियाणा के पूर्व सीएम देवेंदर सिंह हुड्डा, राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट का कार्यक्रम मांगा गया है। इनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भी बुलावा भेजा गया है।