जोया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करीब 15 माह से बंद पड़ी एक्सरे सेवा अब दोबारा शुरू हो गई है। जिससे मरीजों को फायदा मिल रहा है। पहले मरीजों को जिला अस्पताल या निजी अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ती थी।
जोया सीएचसी में एक्सरे टेक्नीशियन न होने की समस्या को संवाद न्यूज एजेंसी ने प्रमुखता के साथ उठाया। कई बार अधिकारियों से बात की और लोगों की परेशानियों को उजागर किया। जिसका फायदा लोगों को मिला। लंबे समय से खाली चल रहे एक्सरे टेक्नीशियन का पद रिक्त चल रहा था। इससे आसपास के मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। एक्सरे टेक्नीशियन न होने के कारण मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों का रुख करना पड़ रहा था। अब एक्सरे टेक्नीशियन डॉ. अमन कुमार ने पदभार संभाल लिया है और सीएचसी की एक्सरे मशीन से मरीजों की जांच शुरू कर दी गई है।
हादसों में घायल मरीजों के साथ ही गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को एक्सरे कराने के लिए निजी केंद्रों पर जाना पड़ता था। इससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा था। टेक्नीशियन की तैनाती के बाद अब सीएचसी आने वाले मरीजों को एक्स-रे के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। सीएचसी में ही एक्सरे की सुविधा मिलने से मरीजों को राहत मिली है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. उवैस ने बताया पिछले लंबे समय से पद रिक्त चल रहा था लेकिन अब एक्स-रे टेक्नीशियन की तैनाती हो गई है। इससे मरीजों को फायदा मिल रहा है।