हसनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन पहुंचे हुए चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक संचालन शुरू नहीं हो सका है। जिससे मरीजों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। चिकित्सकों के अनुसार अभी एक्स-रे मशीन के लिए रूम तैयार किया जा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे कराने के लिए मरीजों को परेशान होना पड़ता है। उन्हें या तो प्राइवेट में एक्स-रे कराना होता है, या जिला अस्पताल जाकर एक्स-रे कराते हैं। इसी समस्या को देखते हुए करीब चार माह पहले शासन स्तर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन अस्पताल में एक्स-रे रूम तैयार नहीं होने की वजह से अभी तक उसे चालू नहीं किया जा सका है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डाॅक्टर ध्रुवेंद्र सिंह का कहना है कि एक्स-रे रूम तैयार कराने में थोड़ा सा समय लग गया है। अब एक्स-रे रूम बनकर लगभग तैयार है। जनवरी के पहले सप्ताह में एक्स-रे मशीन शुरू हो जाएगी।
लोगों का दर्द
-अस्पताल में एक्स-रे मशीन होने के बावजूद भी चालू नहीं है। इससे एक्स-रे कराने के लिए भटकना पड़ रहा है। कई मरीज रोजाना एक्स-रे कराने के लिए परेशान होते हैं।-करन सिंह, नगलिया मुंशी
-सीएचसी में रखी एक्स-रे मशीन जल्द चालू होनी चाहिए। जिससे की मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। -खिलेंद्र सिंह, भदौरा