मोहल्ला गांधीनगर में देसी और अंग्रेजी शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन जारी है। बृहस्पतिवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी महिलाओं का समर्थन किया।
बजरंग दल व विहिप के पदाधिकारियों ने महिलाओं की मांग का जायज बताया। वहीं, एसडीएम ने समस्या के समाधान के लिए तीन दिन का समय मांगा है।
मोहल्ला गांधीनगर में देसी शराब की दुकान थी। अब वहां अंग्रेजी शराब की दुकान भी खुलनी है। नगर की महिलाओं के अलग-अलग दल दोनों दुकानों का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि घनी आबादी और स्कूल के पास शराब की दुकान खोलना नियम विरुद्ध है। बृहस्पतिवार को बजरंग दल के प्रांत प्रमुख हेमंत सारस्वत व विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अशोक सैनी महिलाओं के पास पहुंचे।
उन्होंने महिलाओं की मांग का समर्थन करते हुए एसडीएम से दुकानों को रेलवे फाटक के दूसरी ओर शिफ्ट किए जाने के लिए कहा। एसडीएम ने समस्या के समाधान के लिए तीन दिन का समय मांगा। हेमंत सारस्वत ने चेतावनी दी कि तीन दिन के भीतर समाधान नहीं होने पर महिलाओं के समर्थन में उग्र आंदोलन किया जाएगा।