गजरौला (अमरोहा)। सलेमपुर गौसाईं की महिलाओं ने सोमवार को गांव में संचालित देसी शराब की दुकान बंद करा दी और धरने पर बैठ गईं। आरोप लगाया कि शराब पीकर लोग गाली-गलौज करते हैं, जिससे महिलाओं व छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस के साथ मौकेे पर पहुंचे आबकारी निरीक्षक ने महिलाओं को समझाकर हटाया।
सोमवार की सुबह सलेमपुर गौसाईं की महिलाएं ग्राम प्रधान के नेतृत्व में एकत्र हुईं और गांव में संचालित देसी शराब की दुकान बंद कराकर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने शराब की दुकान हटाने की मांग की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक यहां से दुकान नहीं हटती, तब तक धरने पर बैठी रहेंगीं।
सूचना मिलने पर आबकारी निरीक्षक आरके सिंह मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर रहीं महिलाओं को समझाया। मगर महिलाएं दुकान हटाए जाने की मांग पर अड़ गईं। आबकारी निरीक्षक ने समझाया कि शराब की दुकान कोई अनियमितता पाए जाने, ओवररेट की शिकायत पर हटाई जा सकती है, बंद नहीं हो सकती। महिलाओं की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन देकर उनको शांत किया।
ग्राम प्रधान ने कहा कि वह पहले ही दुकान हटाने के लिए डीएम को पत्र दे चुकेे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी है।