मंडी धनौरा। आजमपुर गांव की महिलाओं ने बृहस्पतिवार को गांव की देसी शराब की दुकान पर ताला जड़ दिया। दुकान खोलने आए सेल्समैन को भी भगा दिया। सेल्समैन की सूचना पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। उधर, कुछ घंटों के बाद पहुंची आबकारी विभाग की टीम ने महिलाओं को समझाकर शांत किया।
आजमपुर गांव में देसी शराब की दुकान है। बृहस्पतिवार को गांव की महिलाओं ने शराब की दुकान पर ताला लगा दिया। दुकान खोलने पहुंचे सेल्समैन को भी महिलाओं ने भगा दिया। विरोध कर रही महिलाओं का आरोप था कि उनके पति रोजाना शराब पीकर घर जाकर उनके साथ मारपीट करते हैं। उनका कहना था कि यदि दुकान ही बंद हो जाएगी तो उनमें सुधार आ सकता है। महिलाओं का कहना था कि वह किसी भी कीमत पर दुकान यहां नहीं चलने देंगी।
सेल्समैन की सूचना पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। शेरपुर पुलिस चौकी से भी पुलिसकर्मी पहुंच गए लेकिन महिलाएं नहीं मानीं। दोपहर बाद आबकारी निरीक्षक ने कार्रवाई का आश्वासन देकर महिलाओं को शांत किया। करीब पांच घंटे तक शराब की दुकान बंद रही। इस दौरान निर्मेश देवी, सोनिका, राजेंद्री, सीमा आदि मौजूद रहीं।