गजरौला। भानपुर रेलवे फाटक के पास कब्रिस्तान में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। आस-पास के लोगों से जानकारी ली। महिला के दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में एसटी और हिंदी में तनिया लिखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि अन्य स्थान पर हत्या कर शव यहां फेंका गया।
काफी प्रयास के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव मोर्चरी पर रखवाया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे राहगीरों से थाना पुलिस को सूचना मिली कि कब्रिस्तान की झाड़ियों में 26 वर्षीय महिला का शव पड़ा है। कब्रिस्तान भानपुर फाटक के निकट है। उन्होंने तुरंत चौपला चौकी इंचार्ज सुधीर कुमार को मौके पर भेजा। मृतका ने सूट सलवार पहन रखे थे। उसके दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में एसटी और हिंदी में तनिया लिखा हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि एसटी मृतका का भाई या पति हो सकता है, जबकि उसका नाम तनिया होने की संभावना है। उसके शरीर पर किसी तरह का निशान नहीं था। न ही घटना स्थल पर कोई संघर्ष का सबूत मिला। पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास जांच पड़ताल की। जिससे उसकी मौत के संबंध में कोई सबूत मिल सके। आशंका जताई जा रही है कि अन्यत्र हत्या कर उसका शव यहां फेंका गया। आशंका है कि शव रात में फेंका गया था। उसकी पहचान कराने के लिए पुलिस ने आस-पास के लोगों और राहगीरों से जानकारी ली। काफी प्रयास के बाद भी मृतका की पहचान नहीं हो सकी। जिसके बाद शव मोर्चरी पर रखवाया गया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। शव मोर्चरी पर रखवाया गया है।