रजबपुर। हाईवे पर टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से लगे ब्लाॅक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पत्थर का भारी ब्लॉक काफी दूर तक फिसलते हुए हाईवे के बीच में पहुंच गया।
हादसा बुध्वार रात करीब साढ़े तीन बजे हुआ। पंजाब नंबर की कार मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और कार टोल प्लाजा के पास डिवाइडर से लगे ब्लॉक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद एक ब्लॉक अपनी जगह से हटकर हाईवे के बीच जा पहुंचा, जबकि दूसरा ब्लॉक भी घूम गया। घटना के चलते कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे कराया गया और डिवाइडर ब्लॉकों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।