अमरोहा। नगर के मोहल्ला रेता में किराए के मकान में रह रही तलाकशुदा शबाना (35) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसका शव कमरे में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाॅड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शबाना के प्रेमी फैज के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
नगर के मोहल्ला कुरेशी निवासी रईसुद्दीन के परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां हैं। दूसरे नंबर की बेटी शबाना की शादी करीब दस वर्ष पहले मोहल्ला नल निवासी असलम के साथ हुई थी। वैवाहिक जीवन के दौरान उसके दो बच्चे हुए। करीब डेढ़ वर्ष पहले दोनों के बीच आपसी सहमति से तलाक हो गया था। तलाक के बाद आठ वर्षीय बेटी सुमायला शबाना के साथ रहने लगी, जबकि दूसरा बच्चा पिता असलम के पास है। परिजनों के अनुसार करीब दो माह पहले शबाना मोहल्ला रेता स्थित अबरार के मकान में किराए पर रहने लगी थी। जबकि शबाना की बेटी स्थानीय मदरसे में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह मां शबाना के पास कभी-कभी आती थी। इसी दौरान उसका संपर्क फैज नामक युवक से हुआ और दोनों के बीच निकटता बढ़ गई। शबाना फैज से निकाह करना चाहती थी। चर्चा है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज भी कर ली थी, लेकिन मुहर्रम के बाद दोनों निकाह करने की तैयारी में थे। इसी बीच मंगलवार की शाम करीब सात बजे शबाना का शव उसके कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कमरे और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाॅड टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने घटनास्थल का मुआयना कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एएसपी ने बताया कि मृतका के भाई अमीरुद्दीन की तहरीर पर फैज के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जांच में मिले अहम क्लू, सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन से फंस रहा फैज
अमरोहा। शबाना हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर शबाना के प्रेमी फैज की भूमिका संदेह के घेरे में है। घटना के बाद से फैज का मोबाइल फोन बंद है। उसकी आखिरी लोकेशन दूसरे राज्या में हैं। एसपी के अनुसार फैज मोहल्ला हक्कानी का निवासी है, जबकि उसका दूसरा पता दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र स्थित हौज रानी में बताया गया है। घटना के बाद उसकी गतिविधियां संदिग्ध रही हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में भी वह जाते हुए दिखाई दिया है। इसके अलावा घटना के समय और उसकी लोकेशन का मिलान करने पर कई तथ्य सामने आए हैं, जो जांच को सही नई दिशा दे रहे हैं। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर जांच की जा रही है। जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी लखन सिंह ने बताया कि जिस समय शबाना का शव कमरे में मिला था, उस समय उसके शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं थे। यही वजह रही कि शुरुआती जांच के दौरान पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौत के कारण को लेकर स्पष्ट निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी थी। हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस शुरू से ही हत्या की आशंका जता रही थी। बुधवार दोपहर तीन चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई हैं। अब पुलिस हत्या के पीछे की वजह की जांच की जा रही है।