अमरोहा। ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद जिले के परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों में बृहस्पतिवार से पठन-पाठन कार्य शुरू होगा। इस संबंध में बीएसए ने विद्यालयों के संचालन का समय निर्धारित कर दिया गया है।
बीएसए डॉ. मोनिका ने बताया कि विद्यालयों में शिक्षण कार्य सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित किया जाएगा। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने विकास खंडों के अंतर्गत आने वाले सभी विद्यालयों में आदेश का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित कराएं। साथ ही विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। गर्मी को देखते हुए विद्यालयों में बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। स्कूल खुलने के साथ ही नियमित शैक्षिक गतिविधियां भी शुरू हो जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके।