हसनपुर (अमरोहा)। मोहल्ला कोट पूर्वी कुम्हारान निवासी रीना (30) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव रहरा-हसनपुर मार्ग पर तीसरा मिल के पास खाली प्लॉट में पड़ा मिला। वह घरों में खाना बनाने का काम करतीं थीं। बच्चों व पति ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने साक्ष्य जुटाए। एसपी अमित कुमार आनंद ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
मोहल्ला कोट पूर्वी कुम्हारान निवासी रीना के पति कुंवरपाल राज मिस्त्री हैं। कुंवरपाल का परिवार मुरादाबाद के कटघर का रहने वाला है और करीब दस साल से हसनपुर में रह रहा है। परिजनों के मुताबिक सोमवार देर शाम से रीना घर से लापता हो गई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार सुबह रहरा-हसनपुर मार्ग पर तीसरा मिल के पास खाली प्लाॅट में महिला का शव मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया था हालांकि गर्दन धड़ से अलग नहीं थी।
सूचना पर स्थानीय पुलिस और सीओ दीप कुमार पंत मौके पर पहुंचे और जांच की। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। एसपी अमित कुमार आनंद भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। महिला ने अपने पीछे पांच बच्चे छोड़े हैं। जिनमें तीन बेटे और दो बेटियां हैं। तीन बेटों में दो बेटे दिव्यांग हैं। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
- महिला की गर्दन रेतकर हत्या की गई है। शव की शिनाख्त हो गई है। हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। अमित कुमार आनंद, एसपी अमरोहा
मुरादाबाद का रहने वाला है परिवार दस साल से रह रहे हसनपुर में
हसनपुर। नगर के हसनपुर-रहरा मार्ग पर तीसरे मील के पास एक खाली प्लॉट शव पड़ा देख लोगों में सनसैनी फैल गई। शव खून से लथपथ था। उसकी शिनाख्त नगर की ही रहने वाली रीना के रूप में हुई। महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। रीना का परिवार मुरादाबाद के कटघर का रहने वाला था और पिछले 10 साल से हसनपुर में किराए पर रह रहा था। मृतका रीना घरों में खाना बनाने के साथ फड़ लगाकर चप्पल बेचने का भी काम करती थी। पुलिस इस मामले में फिलहाल संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस के हाथ अहम सुराग लग गया है। इसके अलावा भी पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
महिला का मोबाइल भी ले गए आरोपी : घटनास्थल पर महिला का मोबाइल नहीं मिला है जबकि परिजनों के अनुसार महिला पर मोबाइल रहता था जो गायब है। परिजनों को कहना है कि हत्यारे महिला का मोबाइल भी अपने साथ ले गए हैं। उधर, पुलिस को आशंका है कि अपराधी किसी भी सबूत को मिटाना चाहते थे। पुलिस का मानना है कि मोबाइल बरामद होने और आखिरी कॉल डिटेल से कई अहम राज खुल सकते हैं।
पुलिस खंगाल रहीं सीसीटीवी फुटेज नगर में चर्चा है कि हत्या से पहले महिला को दो युवकों के साथ जाते हुए देखा गया था, जिसमें से एक युवक दूसरे समुदाय का बताया जा रहा है। पुलिस इन सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
- रात में शराबियों का अड्डा बन जाता है घटनास्थ : घटनास्थल पर एक खाली शराब की बोतल भी मिली है। खाली प्लॉट में एक मढैया और तखत पड़ा हुआ है, जिसके कारण यह स्थान रात में शराबियों का अड्डा बन जाता है। पुलिस इन सभी तत्वों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
पहले भी गर्दन काटकर की गई थी महिला की हत्या
इस वारदात ने क्षेत्र में चार साल पहले आदमपुर थानाक्षेत्र के गांव दढि़याल में हुई एक अन्य महिला की गर्दन काटकर हत्या की घटना की याद दिला दी है। हालांकि, उस मामले में पुलिस ने जांच के बाद महिला के पति को ही गिरफ्तार किया था।