बछरायूं (अमरोहा)। अपने हिस्से की भूमि बेचने पर महिला ने अपने देवर समेत 13 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा धनौरा के मोहल्ला गांधीनगर निवासी बबीता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार उसके पति प्रभात की 2021 में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद वह अपने बच्चों को लेकर मायके मुरादाबाद जाकर रहने लगी। बबीता का आरोप है कि पति की मौत के बाद उसके देवर प्रशांत ने गलत तरीके से कागज तैयार कर उसके हिस्से की भूमि बेच दी। बबीता का आरोप है कि पति की मौत के बाद देवर ने उसके हिस्से की भूमि हड़पने के लिए राधिका नाम की एक महिला का नाम दर्ज करा दिया। बबीता का आरोप है कि देवर ने अपने हिस्से से 100 वर्ग मीटर अधिक भूमि का बैनामा अन्य लोगों को कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर वह अपनी भूमि पर पहुंची। वहां पहले से ही उसका देवर मौजूद था। देवर प्रशांत ने उसे जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष अमित तोमर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्रशांत, आंचल त्यागी, दीपक सैनी, राधिका, मीरा देवी, बनवारी यादव, तेजपाल सिंह, उरमान अली, मनोज कुमार, मनीषा, दीपांशु सारस्वत, विपिन कुमार व एके पाठक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।