हसनपुर। प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल की ओटी सील कर दी।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर सुल्तानठेर निवासी नेपाल ने बृहस्पतिवार दोपहर अपनी पत्नी रजनी (27) को प्रसव पीड़ा होने पर हसनपुर के ब्लॉक तिराहे स्थित केयर अस्पताल-24 में भर्ती कराया। देर शाम सिजेरियन ऑपरेशन से महिला ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और ब्लीडिंग नहीं रुकी। गंभीर स्थिति में उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।
परिजन महिला को चौधरपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद नाराज परिजन शव लेकर हसनपुर स्थित अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया।
सूचना पर पुलिस पहुंची। सीएचसी प्रभारी डॉ. ध्रुवेंद्र सिंह ने अस्पताल की ओटी सील कर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने तहरीर दी है।
कोतवाली अपराध निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी। डॉ. ध्रुवेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल पंजीकृत है, लेकिन मौके पर कोई न मिलने पर ओटी सील की गई।