अमरोहा। उधार के रुपये मांगने पर हरियाणा निवासी मुंह बोले भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर महिला सिपाही को फोन पर गालियां दीं। उनके चरित्र को लेकर अपशब्द कहे। वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
वर्तमान में अमरोहा देहात थानाक्षेत्र निवासी एक महिला सिपाही अमरोहा पुलिस के खुफिया विभाग में तैनात है। हरियाणा के फरीदाबाद के डबिया में रहने वाला मनोज अहूजा उर्फ गबरु उनका मुंह बोला भाई है। उसने पिछले साल 20 हजार रुपये नकद व पांच हजार रुपये 15 सितंबर को ऑनलाइन लिए थे। रुपये शाम तक वापस करने की बात कही थी लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद महिला सिपाही ने कॉल करके रुपये मांगे तो मनोज अहूजा ने रुपये देने से मना कर दिया और गालियां देने लगा।
आरोप है कि इस बीच मनोज ने ग्वालियर के रहने वाले दोस्त शिवम गुर्जर को कॉन्फ्रेंस पर जोड़ लिया और उसने भी गालियां दीं। सिपाही के चरित्र को लेकर अपशब्द सके। इसके बाद मनोज के दोस्त नीलू गुर्जर ने भी फोन करके गालियां दीं। 24 अक्तूबर की शाम को राज राजपूत नाम के युवक ने भी अश्लील मैसेज भेजे। महिला सिपाही का आरोप है कि मनोज ने सभी दोस्तों को उसका मोबाइल नंबर दे दिया जो गालियां दे रहे हैं। इतना ही नहीं मनोज ने व्हाट्सएप संदेश भेजकर वीडियो व फोटो वायरल करने की धमकी दी है। महिला सिपाही ने मामले की शिकायत एसपी अमित कुमार आनंद से की। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि मामले में मनोज अहूजा उर्फ गबरु, शिवम गुर्जर, नीलू गुर्जर, राज राजपूत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।