अमरोहा। संयुक्त जिला चिकित्सालय के एमसीएच विंग में शनिवार को दवा लेने पहुंची महिला ने खुद को एसडीएम के चालक की पत्नी बताते हुए हंगामा कर दिया। वार्ड आया से नोकझोंक के बाद मारपीट की नौबत आ गई। महिला ने सीएमएस के साथ भी अभद्रता की।
महिला दो साथियों के साथ महिला चिकित्सक के पास पहुंची थी। मरीजों की भीड़ के कारण लंबी लाइन लगी थी। वार्ड आया ने लाइन में लगने को कहा तो महिला भड़क गई। दोनों के बीच नोकझोंक के बाद हाथापाई की स्थिति बन गई। लोगों ने बीचबचाव कराया।
इसके बाद महिला ने खुद को एसडीएम के चालक की पत्नी बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामला सीएमएस डॉ. एके भंडारी तक पहुंचा तो महिला ने उनके साथ भी अभद्रता की। काफी देर बाद मामला शांत हुआ। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
सीएमएस डॉ. एके भंडारी ने बताया कि एमसीएच विंग में कुछ महिलाओं की वार्ड आया से नोकझोंक हुई थी। मामला मारपीट तक पहुंचा, लेकिन दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया।