साइबर ठग अलग-अलग तरह के हथकंडे अपना कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। अब किसान से श्रम कार्ड के रुपये आने की बात कह कर एक एक लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गजस्थल गांव में अनिल कुमार का परिवार रहता है। उनका पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में खाता है। 19 अगस्त को उनके अलग-अलग तीन मोबाइल नंबरों से कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि तुम्हारे श्रम कार्ड में 5100 रुपये आए हैं। इसलिए मैं तुम्हारे खाते में 10 रुपये डाल रहा हूं। उन्हें मुझे वापस कर दो। जिसके बाद तुम्हारे खाते में 5100 रुपये आ जाएंगे। पीड़ित अनिल कुमार ने जैसे ही साइबर ठग के खाते में 10 रुपये वापस किए, तभी उनके खाते दो बार में एक लाख रुपये कट गए। उनके खाते से रुपये काटने का संदेश मिलते ही होश उड़ गए। पीड़ित ने उन्हीं नंबरों पर कॉल किया, जिससे उनके पास फोन आया था। लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।