अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 5942 परीक्षार्थी हरियाणा, झारखंड, मध्यप्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड राज्यों से आ रहे हैं। इसके अलावा मंडल में मुरादाबाद, रामपुर और संभल के 2602 परीक्षार्थी भी शामिल होंगे। 23 अगस्त से पांच दिन तक चलने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा में रोजाना 8544 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो इसलिए बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, हाईवे से ऑटो, टेंपो, ई-रिक्शा के संचालन पर कोई रोक नहीं होगी। लेकिन, ये वाहन परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दूर रोके जाएंगे। इसके अलावा शहर में आने वाली कार समेत सभी भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सभी बड़े वाहनों को शहर के बाहर बाईपास होकर निकाला जाएगा। पुलिस ने परीक्षा केंद्रों पर जाने वाले रास्ते का मैप भी तैयार कर लिया है।
- जिले में होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षा केंद्र शहर के भीतर हैं, अभ्यर्थियों की भीड़ रहेगी। इसलिए जाम से बचने के लिए शहर में कार समेत बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। सभी बड़े वाहन चालक अपने वाहनों का आवागमन शहर के बाहरी मार्गों पर करेंगे। - राजीव कुमार सिंह, एएसपी