शहर का एक और प्रतिभावान क्रिकेटर जल्द ही बिहार के लिए विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी करता नजर आएगा। मोहल्ला दरबारेकलां निवासी सैय्यद आमिल हुसैन का चयन अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्राफी के लिए बिहार की टीम में किया गया है। चयन से परिजनों और अब्बासी क्रिकेट अकादमी में खुशी का माहौल है।
शहर के मोहल्ला दरबारे कलां निवासी मोहम्मद कामिल के प्रतिभावान पुत्र सैय्यद आमिल हुसैन का चयन अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्राफी के लिए बिहार की टीम में किया गया है। इसकी जानकारी बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी शकील खान अब्बासी क्रिकेट अकादमी के कोच असलम सिद्दीकी को दी।
आमिल कोच असलम सिद्दीकी की देखरेख में ही अकादमी में ट्रेनिंग ले रहा है। जानकारी मिलते ही अकादमी में खुशी की लहर दौड़ गई। आमिल के पिता मो. कामिल ने बताया कि आमिल को बचपन से ही विकेटकीपिंग की शौक था। उन्होंने इसका सारा श्रेय बेटे की मेहनत और अकादमी की अध्यक्ष फिरोज कमाल अब्बासी और अन्य स्टाफ को दिया।
कामिल भी अपने जमाने के अच्छे विकेट कीपर रह चुके हैं। आमिल के चयन पर अकादमी के अध्यक्ष और कोच ने उसे बधाई दी। इस मौके पर कसीम अशरफ, फैजउद्दीन, नदीम खान, फारूख खान, सुंदर, वसीम बेग, खालिद नईम, रजन असगर आदि रहे।