अमरोहा। बरात में सार्वजनिक रूप से डांटने से नाराज युवक ने शादी में शामिल होने आए नाना की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। हत्यारोपी ने बुजुर्ग को बचाने आए मौसा और एक अन्य किशोर को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। किशोर की हालत नाजुक बताई जा रही है। रिश्तेदारों ने हत्यारोपी को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। शाम को इस मामले में मृतक के दामाद ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनपद बिजनौर की चांदपुर कोतवाली के गांव थुरैला निवासी जयपाल सिंह (80) रविवार को मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव झुंडपुरा में धेवते अरुण की शादी में शामिल होने आए थे। उसकी बरात गजरौला गई थी। शादी में बुजुर्ग की दूसरी बेटी का बेटा सौरभ निवासी गांव सलेमपुर चांदपुर कोतवाली भी आया था। परिजनों का कहना है कि सौरभ को शादी में नहीं बुलाया गया थाए वह बिना बुलाए ही आया था। इसी पर नाना ने उसे डांट दिया था। रविवार शाम बरात दुल्हन को लेकर गांव लौट आई थी। सोमवार सुबह 11 बजे सभी मेहमान बैठे हुए बातचीत कर रहे थे। इस दौरान जयपाल सिंह घर के पास ही नल पर नहा रहे थेए तभी वहां छिपे सौरभ ने कुल्हाड़ी से नाना की गर्दन पर वार कर दिया। जयपाल सिंह की गर्दन कट गई और मौके पर मौत हो गई।
हत्यारोपी ने बुजुर्ग को बचाने आए मौसा दाताराम व 14 वर्षीय किशोर पुसू पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे दाताराम का हाथ कट गया और किशोर के सिर में गंभीर चोट आई। इस दौरान रिश्तेदारों ने हत्यारोपी को पकड़कर पेड़ से बांध दिया। सूचना मिलते ही सीओ सत्येंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने हत्यारोपी को हिरासत में ले लिया है। कुल्हाड़ी कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दाताराम व पुसू को ऋषिकेश के एम्स में भर्ती कराया गया है। वहां किशोर की हालत नाजुक बताई जा रही है।