अमरोहा। क्षेत्र के एक मजदूर परिवार ने एक निजी स्कूल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मजदूर का कहना है कि स्कूल प्रबंधक और क्लर्क ने स्पष्ट कह दिया की छोटी जाति के बच्चों को यहां नहीं पढ़ाया जाता, अगर पढ़ना है तो पांच महीने की एडवांस फीस जमा कर। पीड़िता ने एडवांस फीस जमा करने में असमर्थता जताई तो बच्चों को स्कूल से बाहर निकाल दिया।
देहात थानाक्षेत्र के कुम्हरिया गांव में मजदूर का परिवार रहता है। मजदूर ने डीएम राजेश कुमार त्यागी को शिकायतीपत्र देकर कहा कि उनके तीन बच्चे एक निजी स्कूलों में पढ़ते हैं। तीनों बच्चे पढ़ने में काफी होशियार हैं। लेकिन स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य और क्लर्क बच्चों से स्कूल के मैदान में घास काटने और स्कूल के काम कराते हैं। पीड़ित बच्चों ने ये बात अपने अभिभावकों से बताई। आरोप है कि स्कूल जाकर बच्चों से काम नहीं करने की बात कही तो तीनों ने गाली गलौज की। स्पष्ट कह दिया कि हम छोटी जाति के बच्चों को नहीं पढ़ाते हैं। पढ़ाना है तो पांच माह की फीस एडवांस में जमा करो। अगर काम करा लिया तो क्या हर्ज है। स्कूल स्टाफ ने बच्चों को और उन्हें धक्के देकर बाहर निकाल दिया। जिसके बाद पीड़ित ने स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य और क्लर्क के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है।