हसनपुर। मतदान केंद्र को जाने वाले मार्ग पर जलभराव से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं होने की दशा में चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है।
क्षेत्र के ग्राम लुहारी खादर में प्राथमिक विद्यालय को जाने वाले रास्ते पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्राथमिक विद्यालय को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान केंद्र भी बनाया गया है। मतदान केंद्र के सामने गांव का तालाब है। जिसका पानी मार्ग पर आने के कारण मतदान केंद्र तक मुख्य मार्ग पर जल भराव है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण जगत सिंह का कहना है कि कई माह से तालाब का पानी मार्ग पर भरा हुआ है। जिसके कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। 26 अप्रैल को मतदान होना है।
ग्रामीणों का कहना है जलभराव से होकर मतदान करने नहीं जाएंगे। जल्द ही समस्या का समाधान होना चाहिए। समाधान नहीं होने की दशा में चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी गई है। प्रदर्शन करने वालों में गौरव कुमार,टिंकू सिंह, उमेश कुमार, जगत सिंह, विक्रम सिंह, विवेक कुमार, मेकराम सिंह,संतोष सिंह,सुरेश सिंह, सुखवीर आदि ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं एसडीएम भगत सिंह का कहना है कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।