अमरोहा। करीब तीन घंटे की मूसलाधार बारिश से जिले की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई। शहर के डबल लाइन बिजलीघर समेत कई उपकेंद्रों के यार्ड में चार से पांच फीट तक पानी भरने पर सुरक्षा की दृष्टि से बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। कई स्थानों पर फाल्ट और ट्रिपिंग से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रही।
बारिश के चलते शहर के कई मोहल्लों में करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को उमस और पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में डिडौली में करीब सात घंटे और जोया में लगभग पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
बिजली विभाग के अनुसार लाइनों में तकनीकी खराबी और बिजलीघरों के यार्ड जलमग्न होने के कारण आपूर्ति रोकनी पड़ी। विभाग की टीमें देर रात तक पानी निकलवाने और फाल्ट दुरुस्त करने में जुटी रहीं।
एसडीओ देहात शिव कुमार ने बताया कि बिजलीघरों से पानी निकलवाया जा रहा है। पानी हटते ही आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। उन्होंने लोगों से टूटे तारों और खंभों से दूर रहने तथा किसी भी खराबी की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की।
एसडीओ शहर अवधेश चौधरी ने बताया कि फाल्ट दूर करने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। अधीक्षण अभियंता आरपी सिंह ने कहा कि हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जल्द सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
-
डिडौली में सात घंटे, जोया में पांच घंटे रही बिजली गुल
बारिश के बाद सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला। डिडौली क्षेत्र में करीब सात घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि जोया क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लगभग पांच घंटे तक बिजली नहीं मिली। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य और छोटे कारोबार प्रभावित रहे।
-
बिजली विभाग की अपील, टूटे तारों से रहें दूर
अधीक्षण अभियंता आरपी सिंह ने लोगों से अपील की है कि बारिश के बाद यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ मिले या खंभे के आसपास पानी भरा हो तो उसके पास न जाएं। ऐसी स्थिति की सूचना तत्काल बिजली विभाग के कंट्रोल रूम या संबंधित उपकेंद्र को दें, ताकि समय रहते मरम्मत कर किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।