मंडी धनौरा। क्षेत्र के गांव विशावली के राशन डीलर पर गरीबों के लिए आवंटित सरकारी राशन की कालाबाजारी करने का आरोप सही पाया गया है। जांच में स्टॉक में गड़बड़ी मिलने के बाद डीएम के निर्देश पर डीलर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी कराई गई है। उसकी ई-पॉस मशीन भी जब्त कर ली गई है।
पूर्ति निरीक्षक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत थी कि राशन डीलर शिवचरन नियमित वितरण नहीं करता और कम मात्रा में राशन देता है। शिकायत पर 13 जुलाई को एरिया राशनिंग ऑफिसर राहुलदीप गुप्ता और पूर्ति निरीक्षक ने जांच की। जांच में स्टॉक रजिस्टर और ई-पॉस मशीन का रिकॉर्ड मेल नहीं खाया। मौके पर 34 बोरी गेहूं और 50 बोरी चावल का स्टॉक मिला।
जांच में सामने आया कि 41 क्विंटल गेहूं, 21 क्विंटल चावल और 7.25 क्विंटल बाजरा का वितरण किए बिना उसकी कालाबाजारी कर दी गई। जांच रिपोर्ट डीएम को भेजने के बाद उनके निर्देश पर राशन डीलर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।