मंडी धनौरा। खादर क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर में बाहे नदी का कटान पांचवें दिन भी जारी रहा। प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में रोष है। सोमवार को भाजपा के पूर्व विधायक हरपाल सिंह गांव पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद सिंचाई विभाग के अधिकारी सुध नहीं ले रहे हैं।
पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी से फोन पर ग्रामीणों की समस्या बताकर कटान रोकने के प्रभावी उपाय कराने की मांग की। अधिकारियों ने मंगलवार को टीम भेजने का आश्वासन दिया है।
बीते बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार ने सिंचाई विभाग के जेई के साथ मौके का जायजा लिया था, लेकिन इसके बाद भी कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। रविवार को कटान से मेहर सिंह का मकान क्षतिग्रस्त हो गया था, जबकि छोटे सिंह और नेमपाल के मकान भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। संवाद