दिल्ली हाईवे समेत जिले की सड़कों पर खड़े वाहन हादसे का सबब बन रहे हैं। पिछले दिनों इन वाहनों की वजह से हाईवे पर कई हादसे हुए जिनमें लोगों की जान भी गई। बावजूद इसके जिम्मेदार अंजान बने हैं। हाईवे किनारे ट्रक, टेलर व टैंकर सहित अन्य वाहन खड़ा करने वालों पर पुलिस और परिवहन विभाग अंकुश नहीं लगा पा रहा है।
जिम्मेदारों की नजर हाईवे किनारे खड़े भारी वाहनों पर नहीं पड़ती जो आधी सड़क को घेरकर खड़े होते हैं और हादसे का कारण बनते हैं। अक्सर इनसे टकराकर कई वाहन क्षतिग्रस्त हो जाते हैं या वाहन में सवार लोगों की मौत तक हो जाती है। सोमवार को गजरौला में हुआ दर्दनाक हादसा जिम्मेदारों की ही लापरवाही का नतीजा है। अगर सिस्टम गंभीर होता तो खराब खड़े ट्रक को समय रहते हटाया जा सकता था। समय-समय पर सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर करोडों रुपये प्रचार-प्रसार पर बहाया जाता है। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के नियम निर्देश कहीं भी धरातल पर देखने को नहीं मिलते हैं। यातायात नियमों का पाठ सिर्फ गोष्ठियों और सेमिनारों तक सिमटकर रह गया है।
हाईवे ट्रक, डीसीएम, कंटेनर या अन्य वाहन चालकों को समझाने वाला कोई नहीं है। 24 घंटे सड़क के दोनों ओर ट्रक व भारी वाहनों खड़े रहते हैं। सड़क किनारे चालक अपने वाहन अक्सर बेतरतीब खड़ा कर देते हैं, जो अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। जिससे आए दिन हादसे भी हो रहे हैं, जिनमें लोगों की जान भी बड़ी संख्या में जा रही है। पीछे से आने वाले तेज रफ्तार वाहन खड़े वाहन में टकरा जाते हैं। ऐसी कई घटनाएं हो चुकीं, लेकिन लापरवाह वाहन चालकों पर आज तक लगाम नहीं लग सकी। कहने को तो संबंधित थानों के सिपाहियों को रात व दिन में हाईवे पर गश्त पर रहने के निर्देश हैं, लेकिन वह कभी कभार ही दिखाई देते हैं।
डीसीएम में घुस गई थी गायक पवनदीप की कार
उत्तराखंड के चंपावत जिले के सिलेन टाक निवासी गायक पवनदीप राजन पांच मई की रात साथी अजय मेहरा के साथ घर से कार से दिल्ली जा रहे थे। उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होने हैदराबाद पहुंचना था। कार चालक राहुल सिंह चला रहा था। रात करीब ढाई बजे उनकी कार गजरौला क्षेत्र में चौपला चौराहा ओवरब्रिज से नीचे उतरी तो हाईवे किनारे सीओ ऑफिस के सामने खड़े कैंटर में घुस गई थी। हादसा चालक राहुल को झपकी आने के कारण हुआ था। हादसे में पवनदीप, उनके साथी अजय व चालक राहुल घायल हो गए थे। गजरौला पुलिस ने निजी एंबुलेंस से तीनों घायलों को डिडौली में हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया था। इस हादसे में गायक पवनदीप, उनके साथी और चालक बाल-बाल बच बचे थे।
- एक अक्तूबर 2024 को
हाईवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक घुसने के बाद रेडीमेड गारमेंट्स कारोबारी मोहम्मद जैद और उसके फल कारोबारी दोस्त नदीम की मौत हो गई थी। जान गंवाने वाले रेडीमेड गारमेंट्स कारोबारी मोहम्मद जैद बिजनौर जनपद के नूरपुर थानाक्षेत्र के युसूफनगर और नदीम नूरपुर के मोहल्ला पीपला जहांगीर के रहने वाले थे।
- तीन नवंबर 2024 को गजरौला हाईवे पर खराब हालत में मोहम्मदाबाद के सामने फ्लाईओवर पर खड़े ट्रक में पीछे से घुसी कार में बैठे बरेली के बारादरी मोहल्ला निवासी श्रेष्ठ राठौर की मौत हो गई थी। श्रेष्ठ के पिता सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य संजीव कुमार, माता वंदना, बड़ा भाई दिव्यांश और कार चालक आनंद घायल हो गए थे। हादसे के समय सभी कार में सवार होकर परिवार सहित गुरुग्राम जा रहे थे।
- 28 मई 2025 को
नौगांवा सादात के मोहल्ला तलवार शाह नई बस्ती निवासी मोहम्मद फैजी, मोहल्ला अफगानान निवासी अर्सलान, मोहल्ला हक्कानी निवासी अब्दुल समद, मोहल्ला सराय कोहना निवासी अबुजर एक बाइक से आम के बाग में ट्यूबवेल पर नहाने जा रहे थे। चारों मदरसे के छात्र थे। छात्रों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई थी। इस हादसे में मोहम्मद फैजी और अर्सलान की मौत हो गई थी जबकि अब्दुल समद व अबुजर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
- हाईवे पर गलत तरीके से खड़े होने वाले वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग के सहयोग ये अभियान चलाया जाएगा। साथ ही डिडौली, रजबपुर और गजरौला थाना पुलिस को कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है।
- अमित कुमार आनंद, एसपी