गजरौला (अमरोहा)। पुलिस ने कांवड़ियों के मार्ग में हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए ईओ व एसडीएम मंडी धनौरा को पत्र लिखा है। कहा कि अतिक्रमण के कारण हादसा हो सकता है।
हरिद्वार से गंगा जल लाने वाले कांवड़िये नगर के बस्ती मोहल्ले से होकर इंदिरा चौक को पार कर चौपला होते हुए हसनपुर मार्ग पर आगे बढ़ जाते हैं। एक अन्य मार्ग कुमराला चौकी के पीछे पक्का पुल है। यहां पर चौकी के पीछे से बसैली रेलवे फाटक को पार कर शहवाजपुर डोर से हाईवे पर पहुंच कर गंतव्य को रवाना होते हैं। इसके अलावा कुछ कांवड़िये कुमराला चौकी के आगे से फाजलपुर फाटक को पार कर नगर की तरफ आते हैं।
इंदिरा चौक से लेकर चौपला तक और आगे अल्लीपुर भूड़ तक अतिक्रमण रहता है। बस्ती मार्ग भी अतिक्रमण के कारण संकरा हो गया है। धनौरा मार्ग भी अतिक्रमण से अछूता नहीं है। पुलिस ने कांवड़ियों के मार्ग से अतिक्रमण हटवाने को कहा है। इंस्पेक्टर अखिलेश प्रधान ने बताया कि इस संबंध में ईओ व एसडीएम को पत्र लिखा गया है।