अमरोहा। शहर के ऐतिहासिक वासुदेव तीर्थ मंदिर का सौंदर्यीकारण कराया जाएगा। लाइट एंड साउंड लगेंगे। रात में रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग रहने वाले फव्वारों को और भी आकर्षिक बनाने की तैयारी है। देवी-देवताओं की मूर्तियों पर फव्वारे चलते हुए दिखाई देंगे। नगर पालिका इसके लिए साढ़े आठ करोड़ रुपये खर्च करेगी।
अमरोहा में स्थित वासुदेव तीर्थ का इतिहास पांच हजार साल पुराना बताया जाता है। मान्यता है कि महाभारत के दौरान श्री कृष्ण भगवान ने यहां स्थित तालाब में स्नान कर अपने हाथों से शिवलिंग की स्थापना की थी। यहां दूर दराज से श्रद्धालु पूजा करने पहुंचते हैं। मंदिर के बीचोबीच स्थित तालाब और विशाल काय हनुमान जी की मूर्ति आकर्षण का केंद्र है।
पिछले दिनों वंदन योजना में मंदिर का चयन हुआ और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए ढाई करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। ईओ डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि वासुदेव मंदिर में लाइट एंड साउंड शो का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इसके तहत वासुदेव मंदिर तालाब पानी को फव्वारे का रूप दिया जाएगा। इस दौरान भगवान राम, श्री कृष्णा या अन्य देवी देवताओं के भजन शाम के समय चल करेंगे। इसका प्रपोजल तैयार कर लिया गया है। जल्दी इसकी कवायद की जाएगी।