अमरोहा। जनपद की चारों विधानसभाओं में उत्सव भवन बनाए जा रहे हैं। एक भवन पर 1.45 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। इससे ग्रामीणों को फायदा मिलेगा। वैवाहिक कार्यक्रम से लेकर जन्म उत्सव समेत कोई भी कार्यक्रम करा सकते हैं। यह ग्रामीणों को सस्ते रेटों पर मिलेंगे।
गजरौला तिगरी ग्राम पंचायत और नौगावां सादात में गजस्थल में भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है। इन दोनों का निर्माण जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा हसनपुर और अमरोहा में जमीन की तलाश की जा रही है। इनके बनने से गरीब परिवारों को अपने वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित करने में फायदा मिलेगा। पंचायत उत्सव भवन योजना सरकार की एक प्रमुख ग्रामीण विकास योजना है। इसके तहत गांवों में विवाह, मांगलिक और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए किफायती और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
इसमें एक बड़ा हॉल, स्टेज, मंडप और तीन कमरे बनाए जाएंगे। इसमें लगभग 100 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। ग्राम पंचायतों के माध्यम से इनका संचालन किया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि तिगरी और गजस्थल ग्राम पंचायत में जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा अमरोहा और हसनपुर में जमीन चिन्हित कर काम शुरू कराया जाएगा।