नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर सोमवार देर शाम पीएचसी परिसर में जाम छलकाने व महिला की मौजूदगी को लेकर हंगामा खड़ा हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने अस्पताल परिसर में पीएचसी के कर्मचारी शराब के जाम छलका रहे थे और उनके साथ एक महिला भी मौजूद थी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हंगामा होने पर पीआरवी की टीम पहुंच गई। चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। पीएचसी के कर्मचारियों ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह शराब नहीं का सेवन नहीं कर रहे थे।
पीएचसी प्रभारी डॉ. सबीहा सुल्तान ने बताया कि स्टाफ पर लगाए गए आरोप गलत हैं। अस्पताल परिसर में अक्सर आवारा किस्म के लोग घुस आते हैं, जो न केवल गलत गतिविधियां करते हैं, बल्कि अस्पताल की संपत्ति को भी क्षति पहुंचाते हैं। उधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।