रहरा। सीएचसी में एंटी रैबीज वैक्सीन खत्म होने पर कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया। स्टाफ के साथ गाली गलौज और मारपीट की कोशिश की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। चिकित्सा अधीक्षक ने थाने में तहरीर देकर अस्पताल में हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताते हैं कि पिछले तीन दिनों से एंटी रैबीज इंजेक्शन अस्पताल में नहीं है।
सोमवार की सुबह करीब 11 बजे कुछ लोग रहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे लेकिन इंजेक्शन नहीं होने पर लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। स्टाफ व चिकित्सकों के साथ गाली गलौज, जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डाॅ. शशांक चौधरी का कहना है कि सुबह ही एंटी रैबीज इंजेक्शन खत्म हो गए थे। इसी को लेकर कुछ लोगों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया। वे युवक आए दिन अस्पताल में पहुंचकर बिना बात के हंगामा करते हैं। स्टाफ के साथ अभद्रता करते हैं। सोमवार को भी कुछ लोगों ने यही किया। चिकित्सक व चौकीदार के साथ अभद्रता और मारपीट की कोशिश करते हुए गाली गलौज की। इसके बाद अस्पताल का स्टाफ एकत्र होकर थाने पहुंचा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।