यूपी बोर्ड का हाईस्कूल और इंटर का परिणाम घोषित होने के बाद अब बच्चों का मार्कशीट का इंतजार भी जल्द खत्म हो जाएगा। बोर्ड की ओर से डीआईओएस कार्यालय को मार्कशीट उपलब्ध करा दी गई हैं। जिनको स्कूलों में भेजा जा रहा है। जल्द ही मार्कशीट का वितरण भी शुरू कर दिया जाएगा।
बीते 25 अप्रैल को यूपी बोर्ड का परिणाम आने के बाद से हाईस्कूल व इंटर के छात्र मार्कशीट का इंतजार कर रहे थे। जिले में इंटर के कुल उत्तीर्ण प्रतिशत में अमरोहा 90.55 फीसदी के साथ प्रदेश में दूसरे व मंडल में पहले स्थान पर रहा था। कुल 24982 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 24303 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिसमें 22007 ने सफलता हासिल की है। वहीं, हाईस्कूल में जिले में कुल 92.92 फीसदी उत्तीर्ण प्रतिशत के साथ प्रदेश में अमरोहा 15वें स्थान पर रहा था।
परिणाम घोषित होने के बाद से ही बच्चे मार्कशीट का इंतजार कर रहे थे। बच्चों का यह इंतजार बहुत जल्द ही अब खत्म होने वाला है। क्षेत्रीय कार्यालय से बच्चों की मार्कशीट डीआईओएस कार्यालय पर उपलब्ध होने के बाद स्कूलों में पहुंचना शुरू हो गई हैं। जिनको जल्द ही बच्चों को वितरित किया जाएगा। डीआईओएस वीपी सिंह ने बताया कि स्कूलों को मार्कशीट भेजी जा रही हैं। जल्द ही मार्कशीट बच्चों के हाथों में पहुंच जाएंगी।