अमरोहा। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण में संशोधन का मौका खत्म हो गया है। बोर्ड की ओर से निर्धारित 12 नवंबर की अंतिम तिथि बीत चुकी है। ऐसे में जिन विद्यार्थियों के नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि या विषयों में त्रुटियां रह गई हैं, उन्हें आगे परेशानी हो सकती है। विद्यालय स्तर पर ऑनलाइन संशोधन की निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने का अवसर समाप्त हो चुका है।
परीक्षा-2027 के पंजीकरण और शैक्षिक विवरणों को अंतिम रूप देने के लिए बोर्ड ने विद्यालयों को संशोधन का मौका दिया था। प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों के अभिलेखों का मिलान कर नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, विषय और अन्य शैक्षिक जानकारियों में त्रुटियां ऑनलाइन दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए थे। बोर्ड के अभिलेखों में दर्ज विवरण का इस्तेमाल परीक्षा आवेदन, प्रवेशपत्र और अंकपत्र समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों में होता है। ऐसे में नाम या जन्मतिथि की मामूली गलती भी विद्यार्थियों के लिए परेशानी बन सकती है। विषयों में गलत प्रविष्टि से परीक्षा के दौरान भी दिक्कत हो सकती है।
विद्यालयों को 12 नवंबर तक ऑनलाइन संशोधन पूरा करना था। समय-सीमा समाप्त होने के बाद जिन विद्यार्थियों के विवरण में त्रुटियां रह गई हैं, उनके सामने संशोधन को लेकर असमंजस की स्थिति बन सकती है। वहीं, विद्यालयों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है कि वे पंजीकृत विद्यार्थियों के अभिलेखों की स्थिति स्पष्ट करें। हालांकि, इसके लिए अभी तिथि बढ़ाई जा सकती है।