अमरोहा। बाबा क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेले गए मुकाबले में बाबा क्रिकेट एकेडमी रेड ने हकीम रईस क्रिकेट क्लब को 46 रन से हरा दिया। फहद खान ने नाबाद 107 रन की शतकीय पारी खेली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बाबा क्रिकेट एकेडमी रेड ने नौ विकेट पर 220 रन बनाए। फहद खान ने 107 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से नाबाद 107 और मोहम्मद अरीब ने 63 गेंदों पर सात चौकों के साथ नाबाद 55 रन बनाए। मुनेंद्र प्रताप सिंह ने 17 रन का योगदान दिया। हकीम रईस क्रिकेट क्लब की ओर से अमन जुबैर और शवैज मलिक ने तीन-तीन तथा चंदन ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हकीम रईस क्रिकेट क्लब की टीम 39.1 ओवर में 174 रन पर सिमट गई। हसन तुर्क ने 73 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 48, अरमान अली ने 33 और रियाज ने 28 रन बनाए। बाबा क्रिकेट एकेडमी रेड की ओर से मुनेंद्र प्रताप सिंह ने चार ओवर में दो मेडन डालकर तीन रन दिए और एक विकेट लिया। कृष्ण यादव, मोहम्मद अरीब और वहाब ने दो-दो विकेट चटकाए। फहद की शतकीय पारी और गेंदबाजों के प्रदर्शन से टीम ने मुकाबला जीत लिया।