अमरोहा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से शनिवार को आईएफटीएम यूनिवर्सिटी के मैदान पर अंडर- 16 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग के मुकाबले खेले गए। इसमें यूपीसीए के चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से अवलोकन किया। दोनों मुकाबलों में डीएसए मुरादाबाद और डीएसए अमरोहा ने जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में डीएसए मुरादाबाद का सामना डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन रामपुर से हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुरादाबाद की टीम ने निर्धारित 45 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए। जवाब में रामपुर की टीम मुरादाबाद के गेंदबाजों के सामने मात्र 90 रन पर ऑल आउट हो गई। मुरादाबाद ने एकतरफा मुकाबले में शानदार जीत हासिल की।
दूसरा मैच डीएसए संभल और डीएसए अमरोहा के बीच हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए संभल की टीम 40 ओवर में सिर्फ 138 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमरोहा की टीम ने छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
पूर्व रणजी खिलाड़ी एवं डीएसए सचिव विजय गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान यूपीसीए के चयनकर्ता पूर्व रणजी खिलाड़ी असलम अली और जावेद अनवर ने पर्यवेक्षक के रूप में खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल का गहन मूल्यांकन किया।
पहले मैच में यूपीसीए द्वारा मनोनीत अंपायर विवेकानंद मलिक और रवि कौशिक रहे, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी मोहम्मद कासिम ने निभाई। दूसरे मुकाबले में अंपायर जितेंद्र सिंह और नीरज चौधरी तथा स्कोरर असर खालिद रहे। मैचों के दौरान डीएसए सचिव विजय गुप्ता, संयुक्त सचिव नितिन गुप्ता, क्रिकेट कोच बदरूद्दीन सिद्दीकी, खेल निदेशक डॉ. वैभव त्रिवेदी, वित्त अधिकारी डॉ. कुशल पाल सिंह, नजाकत अली, मोहम्मद हसीन, जेपी सिंह, चमन सिंह, विपुल चौधरी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों और अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।