गजरौला मार्ग पर अनियंत्रित होकर डीसीएम पेड़ से टकरा गई। जिसमें डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
उझारी के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी 25 वर्षीय मुरसलीन के पास खुद की डीसीएम थी। उस पर चालक भी स्वयं ही था। किराए पर डीसीएम चलाता था। रविवार को मुरसलीन डीसीएम पर कंडक्टर के रूप में रहने वाले गांव पिपलौती निवासी मोहब्बत के साथ हापुड़ की मंडी में आलू उतारकर वापस आ रहा था। दोपहर के समय गजरौला से हसनपुर मार्ग पर गांव दीपपुर के नजदीक पीछे से आए ट्रक ने आगे चल रही डीसीएम में टक्कर मार दी। जिससे डीसीएम अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। लोगों की भीड़ जमा हो गई। डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कंडक्टर मोहब्बत को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शव को सीएचसी लाया गया। यहां जानकारी मिलने पर परिजनों एवं जान-पहचान के लोग जमा हो गए। पूर्व मंत्री कमाल अख्तर ने सीएचसी पहुंच परिजनों को सांत्वना दी। वह 11 बहन भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान का कहना है कि शव पीएम को भेजा गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।