अमरोहा। उत्तराखंड में यूसीसी यानी समान नागरिक संहिता कानून लागू होने पर श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में सीएम पुष्कर सिंह धामी के लिए अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस दाैरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह कोई सामान्य कानून नही, बल्कि महिलाओं का सुरक्षा कवच है। उन्होंने अपने अभिनंदन को उत्तराखंड की जनता का अभिनंदन बताया।
समान नागरिक संहिता कानून लागू करने वाला उत्तराखंड पूरे देश में पहला राज्य बना है। इस मौके पर श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में उनका सम्मान समारोह का आयोजित हुआ। अपने तयशुदा कार्यक्रम से करीब आधे घंटे की देरी से पहुंचे उत्तराखंड के सीएम ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय से की। अपने 18 मिनट के संक्षिप्त भाषण में उन्होंने इस कानून के लगभग हर पहलू को छूने की कोशिश की। कहा कि यह कानून बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को साकार करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह उनका सम्मान उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता का सम्मान है। भारत आज आगे बढ़ रहा है। देश की ताकत भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पूरे देश में समानता का कानून लागू होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस कानून से एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। इस कानून से समाज में फैली कुरीतियां दूर होंगी। यह कानून किसी धर्म के खिलाफ नही बल्कि कुप्रथाओं के खिलाफ है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कई दशकों तक राज करने के बाद भी एक पार्टी इस कानून को लागू नहीं कर सकी। जबकि कई प्रमुख मुस्लिम देशों में यह कानून प्रमुखता से लागू है। इस दौरान विश्वविद्यालय के संस्था प्रमुख डॉ. सुधीर गिरी, पूर्व परिवहन मंत्री अशोक कटारिया, एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय गिरी गोस्वामी, एनटीए के चेयरमैन प्रदीप जोशी, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी आदि मौजूद रहे।
उत्तराखंड की जनता ने मिथक तोड़ा
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि उत्तराखंड के बनने के बाद ही वहां मिथक था कि किसी भी पार्टी को लगातार दोबारा सरकार बनाने का मौका नहीं मिलता था, लेकिन हम इस कानून को लेकर जनता के बीच गए तो जनता ने इस मिथक को भी तोड़कर भाजपा को दोबारा सरकार बनाने का मौका दिया।
अभिनंदन पत्र और वेंकटेश्वरा की मूर्ति देकर किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के समूह अध्यक्ष डॉ. सुधीर गिरी, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, प्रदीप जोशी, पूर्व परिवहन मंत्री अशोक कटारिया, एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो व श्रीमद दयानंद कन्या गुरुकुल महाविद्यालय चोटीपुरा की डॉ. सुमेधा ने गदा, वेंकटेश्वरा की मूर्ति व अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर गुरुकुल की छात्राओं ने भी मुख्यमंत्री के स्वागत में कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
यह कानून नहीं, बल्कि विलक्षण प्रयास
विश्वविद्यालय के समूह अध्यक्ष डॉ. सुधीर गिरी ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड में लागू किया गया कानून एक विलक्षण प्रयास है। इसी वजह से आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री देश के सौ सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में शामिल हुए हैं। उत्तराखंड के साथ-साथ पूरे जनमानस को इसका लाभ मिलेगा।
विविधता का मतलब विभाजन नहीं
पूर्व परिवहन मंत्री एवं एमएलसी अशोक कटारिया ने कहा कि भारत विविधताओं का देश है। लेकिन विविधता का मतलब विभाजन कतई नही है। सामान्य गांव से निकलकर छात्र राजनीति के जरिए उत्तराखंड की राजनीति के सिरमौर बने सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देश की भावनाओं से जुड़ा फैसला लेते हुए समान नागरिक संहिता कानून को लागू करने का काम किया है। इतना ही नहीं उन्होंने अनुशासित फैसले लेते हुए प्रदेश में नकल विरोधी कानून व धर्मांतरण कानून को भी लागू किया।
गौरवान्वित करने वाला क्षण
एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने कहा कि आज जिले के लिए गौरवान्वित करने वाला क्षण है। यूसीसी कानून देश की भावनाओं से जुड़ा हुआ कानून है। उत्तराखंड के सीएम ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। इसके दूरगामी परिणाम होंगे और भारत एक मजबूत राष्ट्र बनकर उभरेगा।