गजरौला (अमरोहा)। क्षेत्र में बुखार से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खाद गुर्जर में बुधवार को बुखार 55 वर्षीय महशर जहां ने दम तोड़ दिया, जबकि नगर के मोहल्ला अल्लीपुर भूड़ में 70 वर्षीय फूलवती को बुखार ने लील लिया। दो मौत से लोग दहशत में हैं।
खाद गुर्जर निवासी 55 वर्षीय महशर जहां पत्नी जाकिर को चार दिन पूर्व बुखार आया था। शुरू में गजरौला में निजी चिकित्सक को दिखाने के बाद परिजन मेरठ ले गए। उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, मगर हालत में सुधार नहीं हुआ। बुधवार की शाम महशर जहां ने मेरठ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उधर अल्लीपुर भूड़ निवासी 70 वर्षीय फूलवती को भी कई दिन पूर्व बुखार ने अपनी चपेट में ले लिया। उनका नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मगर हालत में सुधार नहीं हुआ। बुधवार की दोपहर उनकी मौत हो गई। उनका तिगरी में अंंतिम संस्कार कर दिया गया। महशर जहां की बुखार से मौत की पुष्टि करते हुए उनके बेटे आबिद ने बताया कि चार दिन पूर्व बुखार आने के बाद उनकी हालत में एक भी सुधार नहीं हुआ। बुधवार की शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि उनके गांव में बुखार से यह चौथी मौत है। इससे पहले सिपाही नरेंद्र प्रजापति की पत्नी अंशु की मौत हो गई। गांव की राजवती और बीना को भी बुखार ने लील लिया। चार मौत से गांव के लोग दहशत में हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ.योगेंद्र सिंह का कहना है कि बुखार से मौत की जानकारी मिली है। गांव में टीम भेजी जाएगी।