नौगावां सादात। पुलिस ने बैंक से रुपये चोरी करने की घटना का महज पांच घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई रकम में से 30 हजार रुपये नकद, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
एसपी लखन सिंह ने बताया कि गांव सिरसा जट निवासी अनवार अली ने बृहस्पतिवार दोपहर प्रथमा ग्रामीण बैंक नौगावां सादात से 58 हजार रुपये निकाले थे। वह अपनी पत्नी और माता के साथ बैंक से बाहर निकले ही थे, तभी अज्ञात चोर रुपयों से भरा थैला चोरी कर भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना नौगावां सादात में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की। घटना को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद खेड़ी मोड़ क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहल्ला हाजी कॉलोनी निवासी जाकिर और मोहल्ला कुरैशियान निवासी नईम उर्फ समीर उर्फ गुल्लू के रूप में हुई। एसपी के मुताबिक जाकिर के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई प्राथमिकी दर्ज हैं। नईम उर्फ गुल्लू के खिलाफ भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर चोरी के मामले में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई गई हैं। साथ ही अवैध शस्त्र बरामदगी के मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।