हसनपुर । चालीस दिन पहले मुरादाबाद के कपड़ा व्यापारी से हुई लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मुजफ्फरनगर के बदमाशों ने कपड़ा लूट था। बदमाश टैक्सी चालक बनकर दिल्ली के शीलमपुर से भाड़ा तय कर मुरादाबाद के लिए व्यापारी को लेकर चले थे। लेकिन गजरौला हसनपुर मार्ग पर बदमाशों ने व्यापारी को लूट लिया था। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर बीस हजार का कपड़ा, एक तमंचा, एक कारतूस, घटना में प्रयुक्त कार व चाकू बरामद किया है।
मुरादाबाद के मझौला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर लाइनपार निवासी सूरज कुमार कपड़ा व्यापारी है। 24 जून को सूरज कुमार ने दिल्ली में सीलमपुर में करीब 97 हजार के रेडीमेड कपड़े अपनी दुकान के लिए खरीदे थे। जो तीन बड़े थैले व एक बैग में पैक किया गया था। मुरादाबाद आने के लिए सीलमपुर से एक टैक्सी को बुक किया था। लेकिन टैक्सी में चालक समेत दो लोग बैठे थे। उन्होंने हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में गजरौला हसनपुर मार्ग पर रात में व्यापारी को लूट लिया था। कपड़ा लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की थी। सीओ श्वेताभ भास्कर ने कपड़ा लूट की घटना कर खुलासा करते हुए बताया कि छानबीन करते हुए संजीव व अरुण निवासी गांव जौली मिर्जा थाना सिकेडा जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने कपड़ा लूट की घटना स्वीकार की। बताया कि बदमाश ऐसे ही घटनाओं को अंजाम देकर गांवों में फेरी लगाकर कपड़ा बेच देते हैं।