मंडी धनौरा(अमरोहा)। ई-रिक्शा चालक को नशीला पदार्थ पिलाकर वाहन लूटने वाले दो बदमाशों को थाना पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि बदमाशों की फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, वारदात में प्रयुक्त बाइक और ई-रिक्शा बेचकर मिले 10 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि पुलिस शुक्रवार रात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो बदमाश बाइक से रामगंगा पोषक नहर की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। ग्राम गादीखेड़ा की मंढैया के पास पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें सिपाही अरविंद की बांह में गोली लग गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। पुलिस उन्हें सरकारी अस्पताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान थाना चांदपुर क्षेत्र के गांव खनपुर कमालपुर निवासी मोहम्मद उमर और गांव ढकिया निवासी मोहम्मद वसीम के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि 12 जुलाई को ग्राम बसी मुस्तकम निवासी जमील अहमद की ई-रिक्शा किराये पर लेकर जंगल में पहुंचे और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दिया। बेहोश होने पर ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए और उसे 10 हजार रुपये में बेच दिया।
सीओ ने बताया कि आरोपियों की तलाशी में ई-रिक्शा बेचकर मिले 10 हजार रुपये और दो तमंचे बरामद हुए हैं। दोनों के खिलाफ अमरोहा और बिजनौर के विभिन्न थानों में गैंगस्टर सहित गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।